AMARSTAMBH

पर्यावरण बचाने की अनोखी पहल: फतेहाबाद की महिलाओं ने उठाया आम की गुठलियों से हरियाली का बीड़ा

आगरा – फतेहाबाद:
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फतेहाबाद महिला मंडल उत्तर क्षेत्र की बहनों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आम की गुठलियों का रोपण किया। इन गुठलियों से पौधा निकलने पर उन्हें खुले स्थानों पर लगाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़े और वातावरण शुद्ध हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण का अर्थ केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पृथ्वी, जल और वायु – तीनों का संरक्षण करना जरूरी है। पृथ्वी के संरक्षण हेतु पॉलिथीन का प्रयोग बंद करने और कपड़े के थैले अपनाने की अपील की गई। पॉलिथीन को पर्यावरण के लिए अभिशाप बताते हुए इसके प्रयोग से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को भी रेखांकित किया गया। साथ ही जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा गया कि हमें जल को व्यर्थ बहने से रोकना चाहिए और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि गंदा पानी बिना शुद्ध किए नदियों में न जाए।
वहीं हवा को शुद्ध बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण को सबसे जरूरी कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि अभी से इस दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में हमें ऑक्सीजन के लिए फिर से सिलेंडरों पर निर्भर होना पड़ सकता है, जैसा कि कोरोना काल में देखने को मिला था।
कार्यक्रम में एक वृक्ष दस पुत्र समान की भावना के साथ पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की अध्यक्ष रेनू गुप्ता, अर्चना गुप्ता, अंजली गुप्ता, सीमा गुप्ता, अंजू गुप्ता, सुनीता गुप्ता, रेखा गुप्ता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। यह कार्यक्रम सीमा सत्य प्रकाश मनोना के निवास पुरानी गल्ला मंडी में आयोजित किया गया। यह खबर पत्रकार अरुण शर्मा द्वारा दी गई। कार्यक्रम का संचालन महिला मंडल की केंद्रीय खेलकूद मंत्राणी रेनू संजय अनवारिया ने किया। महिला मंडल की इस पहल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp
Threads