जयपुर। नगर निगम ग्रेटर के वार्ड 36 के अंतर्गत राम नगर बी और सीता विहार कॉलोनी में बहुप्रतीक्षित नवीन सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ वार्ड पार्षद शेर सिंह धाकड़ द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। क्षेत्रवासियों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पार्षद शेर सिंह धाकड़ के कार्यकाल में वार्ड 36 में सर्वाधिक विकास कार्य संपन्न हुए हैं। धाकड़ की सबसे बड़ी विशेषता यह मानी जाती है कि वे कभी भी भेदभाव नहीं करते और हर वर्ग एवं क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को समान रूप से प्राथमिकता देते हैं। इसी कारण क्षेत्रवासियों में उनके प्रति गहरी आस्था और सम्मान है। इस अवसर पर कॉलोनीवासियों के साथ-साथ मण्डल अध्यक्ष माल सिंह शेखावत, राज सिंह तंवर, महेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, विकास जांगिड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पार्षद धाकड़ के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने से स्थानीय लोगों में विकास की नई उम्मीद जगी है और यह पहल क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

