पप्पू यादव
कानपुर स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.) की संयुक्त पत्रकार वार्ता संरक्षक डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष अजित अग्रवाल, महामन्त्री पं. कृष्ण कुमार दुबे “मुन्ना दुबे एवं कोषाध्यक्ष प्रतीक श्रीवास्तव द्वारा के. डी.एम.ए. वर्ल्ड स्कूल, केशवपुरम, कानपुर में आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में डॉ. संजय कपूर ने कानपुर महानगर के समस्त सम्मानित जनमानस से आह्वान किया कि रविवार 30 मार्च 2025 को प्रातः 5:20 बजे स्थान अटल घाट गंगा बैराज में जल स्तुति एवं शंख नाद का आयोजन है, यह कानपुर का उत्लाय है, अपने भारतीय नव वर्ष में आप सभी अपनी तथा अपने परिवार की सहभागिता सुनिश्चित कर एक नई परम्परा उदीयमान करें। अध्यक्ष अजित अग्रवाल ने बताया कि जल स्तुति एवं शंख नाद कानपुर की एक अनोखी पहल है इसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित होनी चाहिए। कैलेण्डर वर्ष को कैलेण्डर तक ही सीमित रहने दे, अपने भारतीय नव वर्ष को भारतीय परम्परा अनुसार मनाते हुए उसका स्वागत करें। महामन्त्री पं. कृष्ण कुमार दुबे ने बताया संस्था विगत 2 वर्षों से अटल घाट, गंगा बैराज, पर जल स्तुति एवं शंख नाद कार्यक्रम का आयोजन कर रही है, इस तृतीय वर्ष संस्था कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करते हुए, अटल घाट पर एक विराट आयोजन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रातः 4:50 बजे फाग गाने वाले कलाकारों के साथ बीन एवं एक तारा की धुन तथा नासिक बोल द्वारा सूर्य का आध्यान किया जाएगा। 5:20 से 5:40 तक प्रसिद्ध भजन गायिका मनीषा सिंह राजावत द्वारा भजनामृत की प्रस्तुति होगी। 5:40 से 5:55 तक 151 बटुको द्वारा भगवान शिव माँ गङ्गा एवं भगवान भास्कर का आह्वान मन्त्रोच्चारण द्वारा तदोपरान्त 5:55 से संगीत की विधा धुपद धारा के 101 गायकों सारंगी की धुन एवं मृदंग वादन के माध्यम से माँ गङ्गा के आँचल में भगवान शिव एवं भगवान भास्कर का आह्वान, 6:02 से जलस्तुति, शङ्खनाद एवं इन्द्रधनुषीय रंगों के मध्य भारतीय नव वर्ष का अद्वितीय एवं अद्भुत स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि आज से पहले 101 धुपद गायकों को कभी एक साथ गायन तथा वादन के मंच पर नहीं देखा गया, यह आयोजन माँ गङ्गा के आँचल में दिन रविवार, 30 मार्च, 2025 को अटल घाट पर देखने तथा सुनने को मिलेगा। जल स्तुति के पश्चात धुपद धारा गायन तथा वादन यथावत 6:40 तक चलता रहेगा, 6:40 पर माँ गंगा की आरती, शिव ताण्डव, माँ स्तुति नृत्य के साथ होगा, कार्यक्रम का समापन प्रातः 6:55 पर होगा। पत्रकार वार्ता में कानपुर स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.) के संरक्षक डॉ संजय कपूर, अध्यक्ष अजित अग्रवाल, महामन्त्री पं. कृष्ण कुमार दुबे “मुन्ना दुबे”, कोषाध्यक्ष प्रतीक श्रीवास्तव, आशीष सचान, विनय आनन्द, अनूप जैन, गुड्न दीक्षित, मनोज चौरसिया, सौरभ श्रीवास्तव, उपेन्द्र यादव, वरुण त्रिपाठी, कमल श्रीवास्तव, उत्कर्ष गुप्ता, अनुज पाण्डे, दिव्यांश मिश्रा आदि लोगों की सहभागिता रही।